नागरिक अस्पताल के शवगृह में अज्ञात व्यक्ति के शव को कुत्तों से नोचने के मामले की जांच के लिए बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. प्रवीन सेठी नागरिक अस्पताल में पहुंचे। यहां विभाग के निदेशक ने घटना स्थल का जायजा लिया। बाद में बंद कमरे के अंदर स्वास्थ्य विभाग से संबंधित कर्मचारियों, चिकित्सकों व रेलवे पुलिस कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। निदेशक डॉ. प्रवीन सेठी ने इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों से भी मामले से संबंधित जानकारी हासिल की। स्वास्थ्य निदेशक नागरिक अस्पताल प्रशासन और जिला प्रशासन की तरफ से एडीसी आमना तस्नीम द्वारा की गई जांच रिपोर्ट को भी साथ ले गए। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होने का दावा किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सकों ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर रेलवे पुलिस को शव को सौंप दिया था। इसके बाद शव की देख रेख का जिम्मा रेलवे पुलिस का था। इसलिए इस मामले में रेलवे पुलिस के कर्मचारियों की लापरवाही रही है।
एडीसी ने बंद लिफाफे में सौंपी जांच
डीसी विनय सिंह द्वारा गठित एडीसी आमना तस्नीम के नेतृत्व वाली कमेटी ने बुधवार को अपनी जांच रिपोर्ट पूरी कर ली। एडीसी आमना तस्नीम ने जांच रिपोर्ट को बंद लिफाफे में स्वास्थ्य विभाग के निदेशक को सौंपी। निदेशक इस रिपोर्ट को विभाग के उच्च अधिकारियों व सरकार को प्रस्तुत करेंगे।
जल्द ही सौंपेेंगे रिपोर्ट
जांच के लिए पहुंचे विभाग के निदेशक डॉ. प्रवीन सेठी ने कहा कि शव को कुत्तों से नोचने के मामले की जांच के लिए पहुंचे थे। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी अपने स्तर पर जांच करवाकर बंद लिफाफे में रिपोर्ट सौंपी है। सभी जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी जाएंगी। इसके बाद आगामी फैसला लिया जाएगा।