शहर के अपोलो रोड के निकट कार सवार युवकों ने ट्रक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में ट्रक चालक के सहायक को आधा दर्जन गोलियां लगी। बाद में कार सवार युवक मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
परगना पश्चिम बंगाल निवासी बाबू अली मंगलवार को फरुकनगर से ट्रक में स्पेयर पार्ट भरकर जालंधर के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान के उसका सहायक गांव सारसवान गोंडा निवासी विनोद भी उसके साथ था। जब उनका ट्रक पटियाला चौक पर पहुंचा तो कार सवार कुछ युवकों ने ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया।
लेकिन चालक बाबू अली ने ट्रक को नहीं रोका। जिसके बाद कार सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जब वह अपोलो रोड के निकट पहुंचे तो कार सवार युवकों ने चलते ट्रक पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस दौरान युवकों ने ट्रक पर जमकर फायरिंग की।
इसमें खिड़की के निकट बैठे चालक सहायक विनोद को आधा दर्जन गोलियां लगी। चालक द्वारा शोर मचाए जाने पर युवक मौके से फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना डीएसपी धर्मबीर सिंह पूनिया मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।