04जेएनडी28-कलौदा कलां में मंत्री कृष्ण बेदी का अभिनंदन करते हुए ग्रामीण। संवाद
- फोटो : परिजन
जींद। प्रदेश सरकार ने 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी दी है। वहीं, ग्रामीण विकास को भी नई दिशा प्रदान की है। ग्रामीण विकास व गरीब कल्याण के लिए मौजूदा सरकार वचनवद्ध है। यह बात प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने अपने पैतृक गांव कलौदा कलां में आयोजित अभिनंदन समारोह में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर करीब सवा करोड़ रुपये विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए अनुदान देने की भी घोषणा की। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा रखी गई नहरी पानी की क्षमता बढ़ाने की मांग को भी मंजूर किया और आश्वासन दिया कि निकट भविष्य में डीएलसी माइनर की रिमॉडलिंग और धमतान साहिब माइनर की एक्सटेंशन बढ़ाई जाएगी। क्षमता बढ़ने से करीब एक दर्जन गांवों में नहरी पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा। नहरी पानी की क्षमता बढ़ाने से कलौदा कलां, कलौदा खुर्द, फुलियां कलां, फुलियां खुर्द, खरड़वाल, नेहरा, अमरगढ़, सुलहेड़ा, जुलहेड़ा, राजगढ़ ढोबी, भिखेवाला, लोहचब समेत एक दर्जन गांवों को इसका फायदा होगा। उन्होंने बताया कि ग्राम सचिवालय के भवन व चमार जाति के सामुदायिक भवन के लिए 11-11 लाख तथा पिछड़ी जाति की चौपाल, ब्राह्मण चौपाल, कश्यप चैपाल, लोहार जाति की चौपाल, वाल्मीकि चौपाल के लिए 10-10 लाख रुपये मंजूर किए। इन विकास कार्यो के लिए सवा करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इस दौरान जिला प्रधान तेजेन्द्र ढुल, बिनैण खाप के प्रधान रघुबीर सिंह, उपप्रधान भगत राम, पूर्व विधायक पिरथी सिंह नंबरदार, सरपंच कुलदीप सिह, प्रधान रंगीराम, रोशनी देवी, भगवती प्रसाद बागड़ी, रिछपाल शर्मा मौजूद रहे।
बॉक्स
कच्चे रास्ते होंगे पक्के, तालाबों का होगा सौंदर्यीकरण
गांव में सामुदायिक केंद्र भवन, पशु अस्पताल बिल्डिंग, डिजिटल लाइब्रेरी, राजकीय उच्च विद्यालय की चारदिवारी, कोप्रेटिव बैंक भवन, व्यामशाला में जिम खाना, बुस्टर टैंक, दो फिल्टर हाई लेवल सप्लाई, गांव में स्ट्रीट लाइट व कैमरे, स्कूल में प्रार्थना शेड, कब्रिस्तान की चारदीवारी तथा गांव सभी कच्चे रास्तों और तालाबों के सौंदर्यीकरण, आयुर्वेेदिक डिस्पेंसरी के एस्टीमेट बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इनके अलावा गांव में अन्य विकास कार्यो के लिए भी 35 लाख की राशि देने की घोषणा की। कैबिनेट मंत्री को उनके पैतृक गांव में पंहुचने पर ग्रामीण सैंकड़ों बाइकों की अगुवाई में ढोल नगाड़ों के साथ सभा स्थल तक लाया गया। अभिनंदन समारोह में ग्रामीणों ने चांदी का हल, मुकुट, स्मृति चिह्न भेंटकर व शॉल और पगड़ी बांधकर स्वागत किया।