जींद। हरियाणा रोडवेज की ओर से चलाई गई निशुल्क विशेष बस सेवा ने परीक्षार्थियों के आवागमन को आसान बनाया। सीईटी परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों को बस स्टैंड से उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों के लिए शटल सेवा उपलब्ध कराई गई है। सुबह से ही बस स्टैंड पर जीएम रोडवेज राहुल जैन के दिशा- निर्देशन में हेल्प डेस्क व रोडवेज स्टाफ मौजूद रहा।
परीक्षा देने जा रहे बनभौरी गांव की सोनिया ने सरकार की इस पहल की सराहना की। जींद बस स्टैंड पर पहुंचे परीक्षार्थी ने कहा कि सरकार की इस सुविधा से मानसिक बोझ कम हुआ है, न समय की चिंता रही और न खर्च का डर। हमने पूरी ऊर्जा से परीक्षा में ध्यान केंद्रित कर परीक्षा दी। गांव बोबवा से पहुंचे परीक्षार्थी के अभिभावक रणधीर सिंह ने कहा कि पहली बार सरकार की ओर से महिला परीक्षार्थी के लिए उनके सहयोगी परिजनों को भी निशुल्क परिवहन सुविधा मुहैया करवाई है। राज्य सरकार की यह महिला हित में बहुत बड़ी पहल है। इस पहल से लड़कियों के माता-पिता अपने बच्चों को चिंतामुक्त होकर परीक्षा दिलवा सके।
करसोला गांव की दुर्गा ने कहा कि कई बार जिला से काफी दूर परीक्षा केंद्र आने पर जरूरतमंद परिवारों के बच्चे परीक्षा देने में असमर्थ हो जाते थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा उन जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए वरदान साबित हुई है, जिसमें महिला परीक्षार्थी के लिए परिवार के एक सदस्य को भी बतौर सहयोगी साथ में निशुल्क यात्रा मुहैया करवाई गई है। इससे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा सार्थक सिद्ध हुआ है। जींद के राजपुरा गांव की सरिता ने बताया कि रोडवेज बस सेवा की बेहतर व्यवस्था है। उसके साथ पति भी परीक्षा दिलवाने गए और दोनों का कोई किराया नहीं लगा। बस स्टैंड पर आते ही बिना बुकिंग के भी सीट मिल गई।
वह आसानी से परीक्षा केंद्र पहुंच गई और परीक्षा दी। मिर्चपुर गांव के विकास ने कहा कि सरकार की ओर से दी जा रही निशुल्क बस सुविधा बेहद कारगर है। विद्यार्थी इस सुविधा का भरपूर लाभ ले रहे हैं और बिना किसी बाधा के परीक्षा केंद्र तक पहुंच रहे हैं। यह सुविधा खासकर जरूरतमंद परिवारों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए वरदान साबित हुई है। उसकी सीईटी परीक्षा का भिवानी जिला में थी। सरकार के ऐसे कदम निश्चित तौर पर सराहना योग्य हैं।
हिसार से परीक्षा देने पहुंचे सुमित ने कहा कि अभ्यर्थियों के लिए जिले की धर्मशालाओं व बस अड्डे पर रात्रि ठहराव, पेयजल, रोशनी और साफ. सफाई भोजन की सुविधाएं जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गईं। इसके लिए अधिकारियों को इंचार्ज नियुक्त किया गया।
जींद की कुसुम ने बताया कि उसकी सीईटी की परीक्षा कैथल में है। राज्य सरकार द्वारा परीक्षार्थियों के लिए किए गए प्रबंध उम्मीद से ज्यादा हैं। बहुत हर्ष के साथ वह अपने सेंटर की लिए रवाना हुई और जैसा की सुनने में आया जींद की तरह सभी जिलों में परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए शटल बसों का प्रबंध किया गया है।
27जेएनडी23-सरिता। स्रोत प्रशासन
27जेएनडी23-सरिता। स्रोत प्रशासन
27जेएनडी23-सरिता। स्रोत प्रशासन
27जेएनडी23-सरिता। स्रोत प्रशासन