नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी दनौदा गांव में ऐतिहासिक बिनैण खाप चबूतरे पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने दनौदा की दोनों ग्राम पंचायतों को 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।
साथ ही खाप चबूतरे के लिए 14.5 लाख, गौशाला को 12.5 लाख और नो नत्था मंदिर को 2.5 लाख रुपये की ग्रांट स्वीकृत होने की जानकारी दी। इनमें गांव की चौपालों का नवनिर्माण, तालाबों का सुंदरीकरण, सडक़ों व गलियों का पक्का निर्माण, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करना, बिजली व्यवस्था सुधारना, खेल स्टेडियम, महिला महाविद्यालय और जल आपूर्ति जैसी कई मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं।
इस दौरान मंत्री बेदी ने ग्रामीण सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जरूरतमंद, युवा व समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। ग्रामीणों की ओर से रखी गई दर्जनों मांगों पर कैबिनेट मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि प्राथमिकता के आधार पर सभी कार्य पूरे किए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में योग्य युवा योजनाओं से वंचित रहते थे लेकिन मौजूदा सरकार ने पारदर्शिता से नौकरियां दी हैं और योजनाओं की ऑनलाइन प्रणाली से पात्र लाभार्थियों तक सीधे लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है जिससे लोगों को जीने की नई उम्मीद मिली है। सभा के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री का पारंपरिक पगड़ी, शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने दोनों हाथ उठाकर 17 अगस्त की मुख्यमंत्री रैली में भारी संख्या में पहुंचने का वादा किया।
इस मौके पर पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, सरपंच दनौदा कलां किताबो देवी, सरपंच प्रतिनिधि जितेंद्र नैन, सरपंच दनौदा खुर्द सुमन देवी, कर्ण प्रताप सिंह, तेजपाल शर्मा, बलदेव वाल्मीकि, भगत राम, भीम दनौदा, बिंद्र दनौदा, मेहर सिंह नंबरदार, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र प्रजापति, संदीप, अमित धरौदी, सरपंच दबलैन कुलदीप काला, वेदपाल, जय प्रकाश, मनोज कुमार, जसबीर नैन व संजय बल्हारा भी मौजूद रहे।