संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के शहरी मुख्य अभियंता दिनेश कुमार सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी शहरी क्षेत्रों में मार्च 2027 तक प्रत्येक घर के पेयजल और सीवरेज कनेक्शन नियमित (वैध) किए जाएं। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को विभाग की सुविधाओं का लाभ मिल सके।
शुक्रवार को सर्कल कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य अभियंता ने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी रखने और सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मुख्य अभियंता ने जींद शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए गांव बड़ौदी में निर्माणाधीन जलघर का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नए जलघर, बूस्टर, ट्यूबवेल और पेयजल पाइपलाइन जैसी आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय उपभोक्ताओं से बातचीत कर पेयजल आपूर्ति से संबंधित फीडबैक भी लिया।
अधीक्षक अभियंता विक्रम सिंह मोर ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन और विभाग की संयुक्त टीम अवैध पेयजल कनेक्शनों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है।