फोटो 03जेएनडी02-पुलिस गिरफ्त में लोन दिलाने का झासा देकर ठगी करने का आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। फर्जी लोन ऐप और वेबसाइट के जरिए लोगों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सीआईए ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव राजवान निवासी हेमंत को गिरफ्तार किया है। आरोपी अलीगढ़ की डिफेंस कॉलोनी में रह रहा था। सेक्टर-8 निवासी ऋषभ ने सिविल लाइन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया था जिसमें कम ब्याज दर पर लोन देने का दावा किया। मैसेज पर क्लिक करने पर एक वेबसाइट खुल गई और बाद में उन्हें फोन कॉल आया।
फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि नया लोन देने से पहले पुराना लोन बंद करना जरूरी है। इसी बहाने आरोपी ने उनसे 24,255 रुपये अपने खाते में डलवा लिए। इसके बाद और पैसों की मांग की गई। जब पीड़ित ने दोबारा वेबसाइट देखी तो वह फर्जी निकली।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में हेमंत का नाम सामने आया। संवाद