06जेएनडी21-हिसार-चंडीगढ़ रोड पर बस को आगे निकालते हुए रोडवेज चालक। सोशल मीडिया
जींद। रेस लगाने के चक्कर में एक रोडवेज चालक ने करीब 11 किलोमीटर तक बेकाबू रफ्तार से बस दौड़ाई। इससे बस में सवार करीब 20 से अधिक यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। जींद डिपो के जीएम ने सवारियों की शिकायत पर बस चालक को निलंबित कर दिया है।
जींद के नरवाना सब डिपो की बस एक मार्च को चंडीगढ़ से हिसार जा रही थी। बस महेंद्र सिंह चला रहा था। कलायत से आगे निकलते ही चालक ने एक दूसरी बस से आगे निकलने की कोशिश की। इस बीच दूसरी बस के चालक ने भी स्पीड बढ़ा दी। इस पर चालक महेंद्र ने भी अपनी बस की गति बढ़ा दी और देखते ही देखते दोनों बसों के चालकों में रेस शुरू हो गई।
करीब 11 किलोमीटर तक दोनों बसें बेकाबू रफ्तार से हाईवे पर दौड़ती रहीं। इस बीच कई बार कार व दोपहिया वाहन चालक बस की चपेट में आते-आते बचे। यही नहीं, नरवाना में चालक बस को फ्लाईओवर पर गलत दिशा में ले गया। इससे यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। बाद में यात्रियों ने पूरे मामले की शिकायत महाप्रबंधक से की। इस पर जीएम राहुल जैन ने चालक महेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है।
बस दौड़ाने का वीडियो हो रहा वायरल
इस बीच कार चालक रमेश ने लापरवाही से बस दौड़ने का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में चालक लापरवाही से बस दौड़ाते नजर आ रहा है। ओवरटेक के प्रयास में एक कार बस की चपेट में आने बचती नजर आ रही है।