14जेएनडी10-बस स्टैंड परिसर में बूथ पर खड़ी बस। संवाद
जींद। पिछले दिनों पहाड़ों में हुई भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जींद से कटरा जाने वाली बस का संचालन बाधित हो गया था। अगस्त के अंत में बस जालंधर से वापस लौट रही थी। जब धीरे-धीरे स्थिति में सुधार हुआ तो बस को जम्मू तक भेजा जाने लगा। अब बस पहले की तरह कटरा तक जा रही है। ऐसे में यात्रियों को राहत मिली है।
जब बस जम्मू तक जा रही थी तो यात्रियों को आगे कटरा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा था। जींद बस स्टैंड से जम्मू कटरा के लिए जाने वाली बस में हर रोज लगभग 20 से 25 माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रोडवेज बस में जाते थे। आमतौर पर जींद से जम्मू कटरा के लिए बस सुबह 05:50 पर बस चलती है जो नरवाना, संगरूर व लुधियाना होते हुए करीब 13 घंटे में शाम सात बजे कटरा पहुंचती है।
जींद से कटरा की दूरी लगभग 575 किलोमीटर है। रोडवेज बस से कटरा जाने के लिए 750 रुपये किराया लगता है। यह बस कटरा में रात्रि ठहराव कर अगले दिन सुबह पांच बजे वाया पानीपत होकर दिल्ली के लिए वापसी करती है। यात्रियों की मांग पर यह बस जनवरी माह में शुरू की गई थी।
जम्मू कटरा के लिए बस चलाने को लेकर डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा भी पैरवी कर चुके हैं। उन्होंने इसको लेकर रोडवेज महाप्रबंधक जींद को निर्देश दिए थे जिसके बाद जनवरी माह की शुरुआत में जींद से जम्मू कटरा के लिए बस शुरू की गई थी।
कटरा में माता वैष्णो देवी का मंदिर है। इस मंदिर के प्रति लोगों की काफी आस्था है। ऐसे में काफी संख्या में श्रद्धालु यहां से कटरा दर्शन के लिए जाते हैं। अब बस फिर से कटरा तक जाना शुरू हो गई है तो यात्रियों के लिए राहत है।
वर्जन
पहाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण जींद से कटरा जाने वाली बस पहले जालंधर तक जा रही थी। इसके बाद जब स्थिति में थोड़ा बहुत सुधार हुआ तो बस को जम्मू तक भेजा जाने लगा। अब बस कटरा तक जा रही है। रोडवेज अधिकारियों का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके। -जसमेर खटकड़, डीआई बस स्टैंड जींद।