जींद। परिवहन विभाग ने जींद के यात्रियों को राहत देने के लिए पंचकुला के लिए एक बस चलाने का निर्णय लिया, लेकिन यात्रियों की संख्या कम होने के चलते सोमवार को बस रवाना नहीं की गई। वहीं जिन यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुक करवाई थी, उन यात्रियों को पैसे रिफंड किए जाएंगे।
रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि कम से कम 20 यात्री टिकट बुक करवाते हैं तो बस को नहीं भेजा जाएगा। वहीं मंगलवार के लिए अधिकतर सीट बुक हो चुकी हैं। ऐसे में मंगलवार को बस पंचकूला भेजी जाएगी। बस जींद से दोपहर 12 बजे पंचकूला के लिए चलनी थी। अब मंगलवार को पंचकूला के लिए बस भेजी जाएगी। दरअसल रोडवेज निदेशालय ने विभिन्न जगहों में फंसे लोगों की सहायता के लिए 15 मई से प्रदेश के दस जिलों से विशेष बस का संचालन शुरू किया। इसमें अंबाला, भिवानी, हिसार, कैथल, करनाल, नारनौल, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा व पंचकूला को शामिल किया गया। ऐसे में जींद जिले के यात्रियों को राहत देने के लिए रोडवेज निदेशालय ने रविवार को पंचकूला के लिए बस चलाने का निर्णय लिया। सोमवार को जींद से केवल तीन यात्रियों ने ही ऑनलाइन टिकट बुक करवाई। यात्रियों की संख्या कम होने के कारण सोमवार को पंचकूला के लिए बस को नहीं भेजा गया।
थर्मल स्क्रीनिंग मशीन को लेकर भटकते रहा कर्मचारी
निदेशालय ने आदेश दिए हैं कि बस स्टैंड परिसर में भी उसी यात्री को प्रवेश करने दिया जाएगा, जिसने ऑनलाइन टिकट बुक करवा रखी होगी। ऑनलाइन टिकट बुक करवाने वाले यात्री को थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना होगा। वहीं सोमवार को पंचकूला के लिए सुबह 11 बजे जब तीन यात्री बस स्टैंड परिसर में पहुंचे तो उनकी थर्मल स्क्रीनिंग होनी थी, लेकिन थर्मल स्क्रीनिंग मशीन प्रयोग करना असमंजस बना रहा। कर्मचारी ने कहा कि थर्मल स्क्रीनिंग मशीन सही काम नहीं कर रही है। यह तापमान सही नहीं बता रही। इसके बाद रोडवेज कर्मचारी थर्मल मशीन को लेकर नागरिक अस्पताल में पहुंचा। वहां स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मशीन को ठीक कर उसे थर्मल स्क्रीनिंग मशीन के सही प्रयोग की जानकारी दी, लेकिन साढ़े 11 बजे जब रोडवेज कर्मचारी थर्मल स्क्रीनिंग मशीन को लेकर बस स्टैंड परिसर में पहुंचा तो बस को रद्द कर दिया गया और यात्रियों को लौटा दिया गया।
आज पंचकूला जाएगी बस
सोमवार को यात्रियों की संख्या कम होने के चलते जींद से पंचकूला के लिए बस नहीं चल पाई। सोमवार को केवल तीन यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुक करवाई थी। सोमवार दोपहर बाद 24 यात्रियों ने जींद से पंचकूला जाने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करवाई है। इसलिए मंगलवार को बस भेजी जाएगी। एक थर्मल स्क्रीनिंग मशीन में थोड़ी दिक्कत थी, जिसके चलते मशीन तापमान सहीं नहीं बता रही थी। हमारे पास दो अतिरिक्त थर्मल स्क्रीनिंग मशीन हैं। कर्मचारियों को भी थर्मल स्क्रीनिंग मशीन के प्रयोग की सही जानकारी दे दी गई। यात्रियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी।
--बिजेंद्र सिंह, रोडवेज जीएम जींद।