फोटो 28जेएनडी04-बस अड्डा जींद, जहां से नरवाना, पानीपत वाया सफीदों मार्ग पर बस सेवा शुरू की है।
जींद। नरवाना से पानीपत और पानीपत से टोहाना के बीच बस सेवा शुरू करने की मांग पर हरियाणा रोडवेज ने संबंधित मार्ग पर बस संचालन के निर्देश जारी कर दिए हैं। बस सेवा के शुरू होने से नरवाना, जींद, सफीदों और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी।
नरवाना से पानीपत की दूरी करीब 120 किलोमीटर है। ऐसे में इस मार्ग पर बस सेवा उपलब्ध होने से यात्रियों को आने-जाने में सुविधा होगी। इस संबंध में नरवाना निवासी अर्जुन ने पीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बस सेवा शुरू करने के मामले में गलत सूचना दिए जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए हरियाणा राज्य परिवहन, जींद कार्यालय की ओर से आवश्यक कार्रवाई की गई और संबंधित मार्ग पर बस चलाने के निर्देश जारी किए गए।
कार्यालय की ओर से 24 अक्तूबर को जारी आदेश के तहत संबंधित मार्ग पर एक बस चलवाने की व्यवस्था की गई है। आदेश के अनुसार नरवाना-पानीपत और पानीपत-टोहाना मार्ग पर जींद, सफीदों तथा टोहाना-नरवाना के रास्ते बस का संचालन किया जाएगा। इसके लिए नरवाना के कार्य निरीक्षक को बस सेवा का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनता की मांग को ध्यान में रखते हुए जनहित और विभागीय हित में यह कदम उठाया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आदेशों की दृढ़ता से पालना करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वर्जन
उनके पास हरियाणा राज्य महानिदेशक की तरफ से शिकायत आई थी जिसमें नरवाना से पानीपत और पानीपत से टोहाना मार्ग पर जींद, सफीदों और टोहाना-नरवाना के रास्ते बस का संचालन की मांग की गई। इस पर कार्रवाई करते हुए बस के संचालन बारे निर्देश दे दिए हैं।
-राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद