संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नागरिक अस्पताल में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इसमें 233 कैंसर मरीजों को बस पास वितरित किए गए। इससे उन्हें उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी।
इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने रक्तचाप, ब्लड शुगर, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग की। साथ ही लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नशे से दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं जरूरतमंद मरीजों को छड़ी, घुटना बेल्ट, कलाई बेल्ट और शॉल जैसी उपयोगी सामग्री भी वितरित की गई। शिविर का उद्देश्य उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर समेत जीवनशैली से जूड़ी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना और उनकी समय रहते पहचान सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा नेता रुद्राक्ष मिड्ढा ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य दिवस हमें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश देता है और समय-समय पर जांच करवाना बेहद जरूरी है।
सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने कहा कि गैर-संचारी रोग आज के समय की बड़ी चुनौती बन चुके हैं। इनसे बचाव के लिए नियमित जांच, संतुलित खानपान और सक्रिय जीवनशैली अपनाना आवश्यक है।
उप सिविल सर्जन डॉ. विजेंद्र सिंह ढांडा ने बताया कि इस तरह के शिविरों से बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव होती है जिससे समय पर उपचार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि निशुल्क बस पास और स्टेज-तीन व स्टेज-चार मरीजों के लिए पेंशन जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है।