गोली लगने से घायल युवक नागरिक अस्पताल में दाखिल।
- फोटो : jind
रोडवेज वर्कशाप के निकट बैठे युवक को संदिग्ध हालात में गोली लगने से घायल हो गया। युवक को गोली गले व कंधे को छूते हुए निकल गई। गोली लगने से घायल हुए युवक ने बताया कि गोली आर्मी में कार्यरत एक युवक के रिवाल्वर से सफाई करने के दौरान लगी है। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस युवक के बयान दर्ज करने नागरिक अस्पताल में पहुंची, लेकिन गले में गोली के छर्रे लगे होने के कारण फिलहाल बयान देने में अनफिट करार दिया।
गांव बुराडैहर निवासी राजेश कुमार अपने ही परिवार के आर्मी में कार्यरत मनीष के साथ बुधवार को जींद आया हुआ था। इस दौरान वह रोडवेज की वर्कशॉप के सामने स्थित गली में बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक मनीष की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चल पड़ी और गोली राजेश के गले व कंधे को छूते हुए निकल गई। लेकिन इस दौरान गले में गोली के छर्रे जा लगे। गोली लगने से घायल हुए राजेश को तुरंत नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। इस दौरान राजेश ने बताया कि वह आर्मी में कार्यरत मनीष के साथ बैठा हुआ था।
इसी दौरान मनीष अपनी रिवाल्वर की सफाई कर रहा और अचानक गोली चल गई और गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई। उसने बताया कि गोली इत्तफाकियां चली है और वह किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं चाहता है। बाद में चिकित्सकों ने उसके बयान देने में अनफिट करार दिया। इस कारण पुलिस उसके बयान दर्ज नहीं कर पाई। सिविल लाइन चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि गोली आर्मी में तैनात एक युवक की लाइसेंसी रिवाल्वर से चली है। युवक को चिकित्सकों ने बयान देने में अनफिट बताया है। बयान दर्ज करने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।