नरवाना में जिला योजना कर विभाग ने लक्ष्मी नगर के पास अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त किया। इस कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया। अधिकारी ने आगे भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नरवाना। जिला योजना कर विभाग ने वीरवार को नरवाना में अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने लक्ष्मी नगर के सामने करीब सात से आठ एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में जेसीबी चलवाकर बाउंड्री वॉल और मिट्टी से बनी सड़क को ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कॉलोनाइजरों में खलबली मच गई।
विज्ञापन
जिला योजनाकार अधिकारी मनीष दहिया ने बताया कि पिछली विजिट के दौरान यह कॉलोनी विभाग की नजर में आई थी। कॉलोनाइजर को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया। ऐसे में विभाग ने सख्ती दिखाते हुए वीरवार को मौके पर बुलडोजर चलवाकर निर्माण कार्य को बंद करवाया गया।
-
नरवाना क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तीन-चार और जगह चिह्नित हैं वहां भी जल्द कार्रवाई होगी। लोग अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित जगह पर ही लगाएं और केवल लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में ही निवेश करें।