जींद। बीएस-4 मॉडल इंजन की बसों का एक नवंबर से दिल्ली में प्रवेश जल्द ही बंद कर दिया जाएगा। इससे जींद से दिल्ली जाने वाले बस यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा क्योंकि जींद डिपो में 50 से ज्यादा रोडवेज बसें ऐसी हैं, जो बीएस-4 मॉडल की हैं वहीं किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली सभी बसें भी बीएस-4 मॉडल की ही हैं। यह बसें अब दिल्ली नहीं जा पाएंगी, क्योंकि बीएस-4 मॉडल वाले वाहनों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने रोक लगा दी है। अब एक नवंबर से ऐसे वाहन दिल्ली में घुस नहीं पाएंगे।
दिल्ली में केवल सीएनजी, इलेक्ट्रिक और डीजल की बीएस-6 बसों के संचालन की ही अनुमति होगी। इस नियम के लागू होने से जींद की सभी किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली और रोडवेज की आधी बसों का संचालन बंद हो जाएगा, जिसका पूरा असर यात्रियों पर भी पड़ेगा। दिल्ली में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के आदेशों पर बीएस-4 मॉडल की बसों के प्रवेश बंद करने के मामले ने रोडवेज डिपो की चिंता बढ़ा दी है। बसों पर पाबंदी लगने पर जींद जिला से प्रतिदिन दिल्ली-गड़गांव जाने वाले हजारों यात्रियों की मुश्किल बढ़ जाएगी। हालांकि दिल्ली जाने के लिए जींद से रेल यातायात बेहतर है लेकिन बसों के माध्यम से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानी होगी।
डिपो और सबडिपो में हैं 170 बसें
रोडवेज डिपो और नरवाना तथा सफीदों सबडिपो में 170 के लगभग बसें हैं, जिनमें जींद में 37, नरवाना सबडिपो में दस और सफीदों सबडिपो में पांच किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली बसें हैं। यह सभी बसें बीएस-4 मॉडल की हैं। वहीं डिपो की नई बसों को छोड़कर पुरानी बसें भी बीएस-4 मॉडल की हैं। यह बसें अब दिल्ली में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली सभी बसों को दिल्ली की बजाय दूसरे लंबे रूटों पर भेजना पड़ेगा। फिलहाल जींद और नरवाना से दिल्ली के लिए किलोमीटर स्कीम वाली बसें भी आवागमन कर रही हैं। रोडवेज डिपो में पिछले छह महीनों में 70 के करीब नई बसें आ चुकी हैं। यह सभी बसें बीएस-6 मॉडल की हैं। इन बसों को लोकल रूटों के साथ-साथ लंबे रूटों पर चलाया जा रहा है। डिपो से अधिकतर बसें जो बीएस-6 मॉडल की हैं, उन्हें ही दिल्ली भेजा रहा है। रोडवेज बेड़े में अलग-अलग दिनों में नई बसें शामिल की गई थी, जो अब लंबे और लोकल रूटों पर दौड़ रही हैं।
दिल्ली जाती है अधिकतर किलोमीटर स्कीम वाली बसें
जींद, नरवाना और सफीदों सबडिपो से अधिकतर किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली बीएस-4 की बसें दिल्ली जाती हैं। बीएस-4 बसों की दिल्ली में एंट्री बंद वाला नियम लागू होने पर इन बसों का दिल्ली में संचालन बिल्कुल बंद हो जाएगा। जींद डिपो की दो किलोमीटर स्कीम वाली बसें दिल्ली जाती है। इनमें एक बस सुबह पांच बजकर दस मिनट पर जींद से चलती है और दूसरी बस शाम के तीन बजकर 50 मिनट पर चलती है जो कि दिल्ली में रात्रि ठहराव करती है। उसके बाद अगले दिन जींद के लिए रवाना होती है। वहीं नरवाना बस अड्डे से भी किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली एक बस सुबह छह बजकर 20 मिनट पर दिल्ली के लिए चलती है।
दिल्ली में बीएस-4 मॉडल की बसों का प्रवेश बंद होने के अभी उनके पास अधिकारिक रूप से आदेश जारी नहीं हुए हैं। यदि आदेश जारी होते हैं तो दिल्ली के लिए बीएस-6 मॉडल की बसों को ही भेजा जाएगा। यात्रियों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद