संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। रोडवेज डिपो में कार्यरत चालक- परिचालकों तथा वर्कशॉप और अन्य कर्मचारियों को वर्दी भत्ता मिलेगा। इसको लेकर मुख्यालय ने पत्र जारी किया है। पत्र के अनुसार सत्र 2021-22 तथा 2022-23 के लिए गर्मियों में वर्दी के लिए प्रत्येक कर्मचारी को 1350 रुपये वर्दी भत्ता मिलेगा।वहीं कर्मचारियों के लिए एक हजार रुपये का जूते का भत्ता भी मिलेगा।
चालक, परिचालक, उप निरीक्षक, निरीक्षक, मुख्य निरीक्षक, स्टेशन पर्यवेक्षक और यातायात प्रबंधक, मुख्य स्टोर कीपर सहित स्टोर स्टाफ वर्कस मैनेजर व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भत्ता आधार कार्ड के साथ जुड़े बैंक खाते में स्थानंतरित किया जाएगा। जींद डिपो में 638 कर्मचारियों को वर्दी और जूते के लिए भत्ता दिया जाएगा। जींद डिपो में लगभग 300 चालक तथा परिचालक कार्यरत हैं और 80 से अधिक कर्मचारी वर्कशॉप में कार्यरत हैं। फिलहाल मुख्यालय द्वारा वर्दी भत्ता नहीं दिए जाने के कारण कर्मचारियों को सादी कपड़ों में ड्यूटी देनी पड़ती है। कई बार मुख्यालय द्वारा सादी कपड़ों में काम करने वाले कर्मचारियों पर जुर्माना लगाए जाने के निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में कर्मचारियों का कहना है कि मुख्यालय द्वारा कर्मचारियों को समय पर वर्दी भत्ता दिया जाए।
बॉक्स
मुख्यालय ने कर्मचारियों को वर्दी भत्ता जारी करने के लिए पत्र जारी किया है। कर्मचारियों को जितनी राशि दो वर्दी के लिए मिलती है वह नाकाफी हैं। दो वर्दी सिलवाने के लिए कर्मचारियों को 1350 रुपये तक वर्दी भत्ता मिलता है जो इस महंगाई के समय में कम है।
संदीप रंगा, राज्य उपप्रधान, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ
रोडवेज चालक और परिचालकों तथा वर्कशॉप कर्मचारियों सहित 600 से ज्यादा कर्मचारियों को वर्दी तथा जूते का भत्ता दिया जाएगा। यह भत्ता 2021-22 व 2022-23 वर्ष के लिए जारी किया गया है। वर्दी के लिए प्रत्येक कर्मचारी को 1350 रुपये तथा जूते के लिए एक हजार रुपये जारी होंगे। यह राशि कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद