कस्बे के रेहड़ा मोहल्ले में बृहस्पतिवार रात को कुछ शरारती तत्वों द्वारा शिव मंदिर में लगीं, शिव परिवार की सभी मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। मंदिर की मूर्तियां तोड़ दिए जाने पर मोहल्ले के लोगों में रोष है।
घटना की सूचना मिलते ही सुबह सैकड़ों लोग मंदिर में इकट्ठे हो गए। मोहल्लावासी संदीप, नवीन, जगबीर, सतीश, बल्ला सैनी ने बताया कि वह रात के लगभग नौ बजे तक मंदिर में ही थे। उन्होंने बताया कि अभी कुछ महीनों पहले शरारती तत्वों द्वारा पहले तो परेशान कर मंदिर से पुजारी को भगा दिया था। इस वजह से वह रात के नौ बजे तक मंदिर में ही थे। सुबह मंदिर आए तो घटना का पता लगा। उन्होंने बताया के शरारती तत्वों द्वारा शिव भगवान की मुख्य प्रतिमा को भी तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन मुख्य प्रतिमा पर मजबूत शीशा लगा होने के कारण वह उसे नहीं तोड़ पाए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
भगवान के घर में चोरी
सफीदों की आदर्श कॉलोनी में बने हनुमान मंदिर से सुबह के लगभग पांच बजे दान-पात्र चोरी कर लिया गया। मामले की सूचना मंदिर के पुजारी ने द्वारा मंदिर प्रधान नरेंद्र पाल बंटी को दी गई। मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश ने बताया कि वह सुबह पांच बजे मंदिर का दरवाजा खोलकर मंदिर के पास बने अपने प्रतिष्ठान पर आए थे। कुछ देर के बाद जब वह मंदिर में गए तो यहां से दान-पात्र गायब मिला। पुजारी ने बताया कि दान-पात्र को हर तीन महीने के बाद खोला जाता था। जिसे अभी एक सप्ताह बाद ही खोलना था।