संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा के प्रथम चरण में सहयोग करने वाले समर्थकों और कार्यकर्ताओं को सफीदों रोड स्थित दीप पैलेस में रविवार को सम्मानित किया गया।इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की जबकि हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे।
राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि बीजेपी समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। बीजेपी ने धर्म और जाति के नाम पर देश और प्रदेश में बंटवारा किया। हरियाणा में तो अलग-अलग जातियों को गालियां दी और अलग-अलग जातियों में भेदभाव पैदा किया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक समय बीजेपी ने तत्कालीन सांसद राजकुमार सैनी के जरिए समाज में नफरत फैलाने की राजनीति की। हरियाणा का जिक्र करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि जब तक शहर और गांवों से नफरत व बंटवारा खत्म नहीं होगा तब तक हरियाणा बचेगा नहीं। बीजेपी ने पिछले 11 वर्ष में हरियाणा के विकास के लिए कुछ नहीं किया।
पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि नेहरू और पटेल की कांग्रेस को कुछ लोगों ने अपनी व्यक्तिगत कांग्रेस बनाकर रख दिया है। यही वजह है कि लोग उस कांग्रेस को नकार रहे हैं। आज कांग्रेस की स्वीकृति घट रही है। आज लोकदल की संस्कृति को कांग्रेस की संस्कृति बना दिया गया है।
उन्होंने हरियाणा में कांग्रेस को पुराने नेताओं का जिक्र किया और कहा कि एक समय था जब कांग्रेस में बड़े-बड़े चेहरे होते थे लेकिन कांग्रेस के उस स्वरूप को तोड़ दिया गया है।हरियाणा में लोग बदलाव चाहते थे लेकिन साथ ही लोग कांग्रेस में भी बदलाव चाहते थे।
बृजेंद्र सिंह ने कहा, सद्भाव यात्रा में अब तक प्रथम व द्वितीय चरण में 24 विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जा चुका है। द्वितीय चरण में आगामी दिनों में बड़ौदा, गोहाना व इसराना विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे। जब यात्रा शुरू की तो मन में बहुत शंकाएं थी।
बृजेंद्र ने बीजेपी को दीमक की संज्ञा देते हुए कहा कि यह दीमक दिखता नहीं है लेकिन पूरे पेड़ को खत्म कर देता है। इसी प्रकार बीजेपी भी समाज को खत्म करने में जुटी हुई है।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह डूमरखां, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, पूर्व विधायक रण सिंह मान, पूर्व विधायक शिव शंकर भारद्वाज, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष लाजवंती ढिल्लो, सुशील धानक, दीपिका यादव आदि मौजूद रहे।
07जेएनडी30: सद्भाव यात्रा के प्रथम चरण में साथ देने वाली महिला को मंच से सम्मानित करते हुए पूर्- फोटो : katra news