फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्ट्रांग का ताला तोड़ काटा सेफ, 4.44 लाख रुपये ले गए चोर

विज्ञापन
विज्ञापन
चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बैंक और एटीएम को लगातार निशाना बना रहे हैं। इस बार नरवाना के सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक को निशाना बनाते हुए चोरों ने बैंक का स्ट्रांग रूम तोड़कर उसमें रखे सेफ को गैस कटर से काटकर चार लाख 44702 रुपये चोरी कर लिए, जबकि एक दूसरे सेफ में रखे 17 लाख रुपये बच गए। नरवाना में एक माह में पांच बार चोर पुलिस को चुनौती दे चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस का हाथ खाली है।
विज्ञापन

रविवार रात चोरों ने जींद-खनौरी मार्ग पर लघु सचिवालय के सामने सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक को निशाना बनाया। चोरों ने बैंक का स्ट्रांग रूम का ताला तोड़कर उसमें रखी सेफ को गैस कटर से काटा और चार लाख 44702 रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर लिया। चोरी का पता सोमवार सुबह उस समय लगा जब कर्मचारी ड्यूटी पहुंचे। उन्होेंने इसकी जानकारी पुलिस और बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विरेंद्र सिंह व शाखा प्रबंधक सतपाल यादव को दी। सूचना मिलते ही डीएसपी जगत सिंह व एसएचओ यादराम मौके पर पहुंचे। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम के सदस्यों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। चोर बैंक के बाहरी तरफ लगी खिड़की को तोड़कर अंदर घुसे और स्ट्रांग रूम का ताला तोड़कर उसमें रखी सेफ को गैस कटर से काटकर चोरी की। गनीमत यह रही कि दूसरी सेफ में रखे 17 लाख रुपये बच गए। चोर एक सेफ को ही तोड़कर चार लाख 44 हजार 702 रुपये ही ले जा सके। चोर अपने साथ बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को भी साथ ले गए। शहर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी जगत सिंह ने कहा कि चोरों ने बैंक में रखी सेफ को गैस कटर से काटकर चोरी को अंजाम दिया है। शहर थाना प्रभारी यादराम ने बताया कि पुलिस ने बैंक के सहायक प्रबंधक प्रवीण कुमार के बयान पर मामला दर्ज करके जांच शुरू की है।
पानी की टंकी में मिला डीवीआर
बाद में जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर बैंक में बनी पानी की टंकी से मिला। इसकी जांच के बाद कोई खुलासा होने की उम्मीद है। डीएसपी जगत सिंह ने बताया कि पानी से मिले डीवीआर की जांच करवाई जाएगी।
विज्ञापन

पहले चार प्रयास कर चुके हैं चोर
पहली घटना : 11 नवंबर को युवकों ने हाउसिंग बोर्ड के पास लगे सिंडीकेट बैंक के एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। युवकों ने एटीएम के दो ताले तोड़ लिए थे। शहर थाने में बैंक प्रबंधक के बयान पर केस दर्ज है। अभी तक इस मामले में कोई सुराग नहीं लग पाया है।
दूसरी घटना : 18 नवंबर को दिल्ली-पटियाला हाईवे पर लघु सचिवालय के सामने स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को लुटेरों ने निशाना बनाया। इससे तीन हजार रुपये ले गए थे। इस एटीएम में करीब पौने 12 लाख रुपये बच गए थे। यहां से लुटेरों ने किसी वाहन की मदद से एटीएम को बाहर खींचा, लेकिन खोल नहीं पाए। इस मामले में शहर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
तीसरी घटना : 24 नवंबर को गांव सच्चाखेड़ा के पंजाब नेशनल बैंक के मेन गेट का ताला तोड़ कर चोरी करने का प्रयास किया गया। शाखा प्रबंधक राजकुमार मलिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि चोरों ने बैंक के मेन गेट का ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
चौथी घटना : हथो गांव के चौक पर लगे यूनियन बैंक के बीसी प्वाइंट पर लगे एटीएम को लुटेरों ने गैस कटर से काटकर राशि हथियाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इस तरह से इस बैंक में रखे 55 हजार रुपये बच गए। इस मामले में भी पुलिस कुछ नहीं कर पाई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें