संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अहिरका गांव के पास माइनर में मिले शव की दूसरे दिन शिनाख्त हो गई है। उसकी पहचान 48 वर्षीय अजीत निवासी निसिंग के रूप में हुआ है। परिजनों ने निसिंग थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। निसिंग के बस अड्डे के पास अजीत की बाइक मिली थी लेकिन अजीत के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया था। निसिंग के गोंदर रोड निवासी अश्वनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका 48 वर्षीय भाई अजीत छह अक्तूबर शाम को बाइक पर बिना बताए कहीं चला गया था। वह मानसिक रूप से परेशान था। उसकी बाइक निसिंग बस अड्डे पर मिली थी लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं चल पाया था। अजीत का शव रविवार सुबह अहिरका गांव के पास माइनर में मिला था। उसके सिर पर चोट के निशान थे। सदर थाना पुलिस ने अहिरका गांव के चौकीदार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
सदर थाना जींद के प्रभारी संजय पहलवान ने बताया कि अहिरका गांव के पास माइनर में मिला शव निसिंग निवासी अजीत का था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी का पर्चा दर्ज करवाया था। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।