15जेएनडी11: राष्ट्रीय गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए सांसद सतपा
जींद। गांव धड़ौली स्थित राष्ट्रीय गोशाला में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान, फ्री नेत्र व स्वास्थ्य जांच शिविर में सोनीपत-जींद संसदीय क्षेत्र के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि रक्तदान ऐसा कार्य है जो न केवल जिंदगियां बचाता है बल्कि समाज से जात-पात और धर्म की दीवारों को भी गिरा देता है।
उन्होंने कि रक्त देने वाला और रक्त प्राप्त करने वाला, दोनों ही एक-दूसरे की जाति या धर्म से अनजान होते हैं। यदि इस संदेश को हर व्यक्ति अपने जहन में बिठा ले तो नफरत की दीवारें खुद-ब-खुद ढह जाएंगी।
इस अवसर पर उन्होंने गोशाला के विकास के लिए 11 लाख रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वे पहले भी 5 लाख रुपये की सहायता दे चुके हैं और गऊ माताओं के संरक्षण के लिए भविष्य में भी सहयोग जारी रखेंगे।
सांसद ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जिन लोगों ने समाज में जात-पात का जहर घोला, उन्होंने हमेशा देश और भाईचारे का नुकसान किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर यह संदेश फैलाएं कि एक-दूसरे के काम आना ही असली मानव धर्म है।
सतपाल ब्रह्मचारी ने भाजपा सरकार पर भी तंज कसा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बुनियादी सुविधाओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जातिवाद की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता को एकजुट होकर इस जहर का कड़ा जवाब देना होगा।
इस दौरान सांसद ने हवन यज्ञ में आहुति डाली और रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। गोशाला समिति के पदाधिकारियों ने सांसद को स्मृति चिन्ह भेंट किए।