नरवाना। नए वोट बनवाने पहुंचे लोगों की मदद को लेकर बूथ नंबर 142 पर तैनात बीएलओ और बीएलए-2 के बीच विवाद हो गया। महिला बीएलओ ने खरी-खोटी सुनाते हुए बीएलए-2 को एफआईआर दर्ज करवाने की धमकी तक दे दी। आरोप है कि गुस्से में उन्होंने हाथ में चप्पल भी उठा ली थी।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो बीएलए-2 ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मतदाता जोगिंदर ने मामले की शिकायत एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में दी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बूथ नंबर 142 की बीएलओ आर्य कन्या महाविद्यालय में नए वोट बनाने के लिए बैठी थीं। इसी दौरान पटेल नगर से कुछ लोग अपनी पुत्रवधू का वोट बनवाने पहुंचे। बीएलओ ने आवेदन के लिए वर्ष 2002 का रिकॉर्ड मांगा।
रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने पर मौके पर मौजूद बीएलए-2 ने पिता की सर्विस बुक की कॉपी या अन्य दस्तावेज के आधार पर आवेदन करने का सुझाव दिया। इस पर बीएलओ नाराज हो गईं और उन्होंने बीएलए-2 को वहां से जाने के लिए कहा तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बीएलए-2 ने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी। वायरल वीडियो में बीएलओ द्वारा एफआईआर की धमकी देने और चप्पल उठाने का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।