जुलाना। पिता की सेवानिवृत्ति पर जुलाना आ रही महिला के बैग से शातिर ने नकदी और गहने उड़ा लिए। शिकायत मिलने पर जुलाना थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को वार्ड नौ निवासी महिला अनीता ने बताया कि वह पिता की सेवानिवृत्ति पर नरवाना से जुलाना आ रही थी। उसने बैग के अंदर छोटा हैंड बैग भी रखा हुआ था। इसमें 40 हजार की नकदी और तीन तोले के कड़े, डेढ़ तोले की चेन, आधा तोले का मंगलसूत्र, बाले, कंठी और अंगूठी थी। महिला ने बताया कि उसने जींद से बस बदली और रोहतक डिपो की बस में पिछली सीट पर बैठ गई और बैग पास में रख लिया। जब वह घर पर पहुंची और बैग को चैक किया तो उसके अंदर रखा बैग गायब था। जुलाना थाना प्रभारी समरजीत ने बताया कि महिला के बैग से नकदी व जेवर चोरी करने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।