जींद। शहर के सेक्टर-8 में शुक्रवार सुबह सात बजे केबल बॉक्स में ब्लास्ट होने से अंडरग्राउंड बिछाई गई मोटी केबल में आग लग गई। इससे शहर के चार सेक्टर समेत कई कॉलोनियों में बिजली गुल हो गई।
सेक्टर के लोगों ने इसकी शिकायत बिजली निगम कार्यालय में दी। इसके बाद कर्मचारी मेजर फाल्ट ठीक करने और नई केबल बिछाने में दोपहर तक जुटे रहे, लेकिन 1 बजे के बाद ही बिजली सप्लाई बहाल हो पाई।
शुक्रवार सुबह सेक्टर-8, 9, 10 और 11, अर्बन एस्टेट, डिफेंस कॉलोनी, गोहाना रोड, सफीदों रोड एरिया, रानी तालाब एरिया, स्कीम नंबर-5 और 6 में अचानक बिजली चली गई। शिकायत करने के बाद उपभोक्ताओं को पता चला कि सेक्टर-8 स्थित 33 केवी पावर हाउस में लगे केबल बॉक्स में ब्लास्ट हो गया है। इसके कारण बिछाई गई अंडरग्राउंड मोटी केबल जल गई है। काफी देर तक बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। उपभोक्ताओं ने बिजली आने के लिए काफी इंतजार किया, लेकिन दोपहर तक नहीं आई। हालांकि बिजली निगम के कर्मचारी फाल्ट को ठीक करने और नई केबल बिछाने में सुबह ही लग गए थे।
बारिश में भी पहुंची शिकायतें 250 से ऊपर
वीरवार को काफी देरी तक बारिश होने के कारण बिजली निगम की व्यवस्था बिगड़ गई। शहर में कई जगह मोटी केबल में पानी चला गया। इसके कारण उसके जलने, फ्यूज उड़ने, कंडक्टर जलने जैसी घटनाएं हुईं। इससे शहर के नरवाना रोड, कैथल रोड, रेलवे रोड, ओम नगर, भिवानी रोड, हकीकत नगर, श्याम नगर, संत नगर में बिजली बाधित हो गई। बिजली निगम कार्यालय में वीरवार को 250 शिकायतें आईं। बारिश लंबे समय तक होने की वजह से फाल्ट ठीक नहीं हो पाए।
शुक्रवार सुबह पावर हाउस में लगे केबल बॉक्स में ब्लास्ट हो गया था। इससे सेक्टरों की बिजली गुल हो गई थी। घटना के बाद ही बिजली कर्मी फाल्ट दूर करने में लग गए थे। काम दोपहर तक पूरा हो सका। करीब एक बजे बिजली बहाल हो गई थी। -धर्मबीर सिंह, इंचार्ज, पावर हाउस, सेक्टर-8, जींद।
30जेएनडी10-शहर में एक जगह आए ट्रांसफार्मर में फाल्ट ठीक करते बिजली कर्मी। संवाद