आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने कहा कि बीजेपी ने हमेशा धर्म के नाम पर राजनीति की है। हरियाणा में धर्म के नाम पर राजनीति नहीं हुई तो जाति के नाम पर दंगे करवा दिए। बीजेपी, इनेलो व कांग्रेस तीनों ने मिलकर राजनीतिक षडयंत्र के तहत जातिवाद का जहर फैला दिया है। आम आदमी पार्टी प्रदेश में जातिवाद के खिलाफ 14 मई को रोहतक में मेरी जाति हिंदुस्तानी नाम से कैंपेन चलाएगी।
जयहिंद मंगलवार को दोपहर बाद डीआरडीए के सामने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खुद बीजेपी के नेता अपने ही मंत्रियों पर आरक्षण आंदोलन के दौरान दंगे भड़काने का आरोप हैं। गुजरात में धर्म के नाम पर दंगे कराए। बीजेपी के एक विधायक ने दंगे भड़काकर गुजरात में 15 साल शासन करने की बात कही है, लेकिन यह गुजरात नहीं, हरियाणा है। यहां ये नहीं चलेगा।
बीजेपी ने चुनाव के समय घोषणा पत्र में 150 से ज्यादा वायदे किए थे, लेकिन उनमें से एक भी वायदा पूरा नहीं किया। इन मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ये दंगे करवाए गए। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में बिजली सस्ती हो सकती है, स्कूलों की स्थिति सुधर सकती है, तो हरियाणा में क्यों नहीं। आम आदमी पार्टी आगामी तीन महीनों में पूरे प्रदेश में लोगों से संपर्क करके इसके बारे में बताएगी और पार्टी का पुनर्गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। विपक्ष के नाम पर इनेलो बीजेपी-टू बनी हुई है। वहीं कांग्रेस में एक-दूसरे में प्रभाव जमाने की लड़ाई चल रही है। लोग कांग्रेस को एलपीजी (लाल, पीली, गुलाबी) पगड़ी कहने लगे हैं। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष राजकुमार पहल, महिला जिलाध्यक्ष कमला देवी उपस्थित रही।
पंजाब में पानी की जगह नशा बरसा रहे बादल, हम बनाएंगे सरकार
नवीन जयहिंद ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना रही है। वहां मुख्यमंत्री बादल पानी की जगह नशा बरसा रहे हैं। पंजाब में सरकार बनाने के बाद हरियाणा की भी राह आसान होगी तथा आगे हरियाणा में भी सरकार बनाएंगे।
एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला मान्य
एसवाईएल के मुद्दे पर जयहिंद ने कहा कि सभी पार्टियों ने एसवाईएल को केवल राजनीतिक मुद्दा बनाया है। पहले कांग्रेस की हरियाणा, पंजाब व केंद्र में सरकार रही, लेकिन हरियाणा को उसके हक का पानी नहीं मिला। अब बीजेपी की केंद्र व हरियाणा में सरकार है तथा पंजाब में अकाली दल के साथ सत्ता में है, वे इसका समाधान क्यों नहीं निकाल रहे। आम आदमी पार्टी अपने स्टैंड पर कायम है। एसवाईएल पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला मान्य होगा।