जींद। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने बंगाल में राक्षसी प्रवृत्ति के लोगों का अंत करने का काम किया है। उन्होंने ममता बनर्जी को तानाशाही रवैये वाली नेता बताते हुए आरोप लगाया कि उनके शासन में बंगाल के लोगों पर अत्याचार हुआ।
विज्ञापन
उन्होंने यह बात मंगलवार को जयंती देवी मंदिर में केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल के जन्मदिन पर आयोजित भंडारे में कही। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि जिस प्रकार पौराणिक कथाओं में राक्षसों के नाश पर देवताओं ने खुशी मनाई थी, उसी तरह बंगाल में भाजपा की जीत के बाद लोगों की आंखों में नई उम्मीद और चमक देखने को मिल रही है।
उन्होंने कहा कि यदि दोबारा ममता बनर्जी की सरकार बनती तो बंगाल को बांग्लादेश बनने से कोई नहीं रोक सकता था। ममता बनर्जी के भाजपा पर सीटों की चोरी के लगाए जा रहे आरोपों पर कहा कि यह उनकी हताशा का परिणाम है। पिछले चुनावों के दौरान सैंकड़ों लोगों की हत्या हुई और आम जनता में भय का माहौल था लेकिन भाजपा ने उस डर से बाहर निकालने का काम किया।