जिस समय 2014 में भाजपा की सरकार बनी थी, उस समय अपने आपको राजनीति का पंडित बताने वाले लोगों ने कहा था कि यह सरकार कुछ समय ही चल पाएगी, लेकिन जनता के प्यार और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण भाजपा फिर से 75 प्लस सीटों के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।
यह बात मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सफीदों में अपनी जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होेंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रदेश में पहली बार भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी। हमने पूरी ईमानदारी के साथ कार्य किया।
कुछ राजनीतिक पंडितों ने यह कहना शुरू कर दिया कि यह सरकार तो कुछ महीने ही चल पाएगी। लेकिन हमने जनहित की योजनाएं बनाकर उनको लागू किया और दो साल के बाद जनता ने योजनाओं के सकारात्मक परिणाम बताने शुरू कर दिए।
शुरुआत में राजनीतिक पंडितों ने तो यहां तक कहा था कि यह मुख्यमंत्री तो अनाड़ी और अनुभवहीन है, लेकिन बाद में वही पंडित कहने लगे कि यह अनाड़ी नहीं राजनीति का खिलाड़ी है। उन लोगों को इसलिए बदलना पड़ा क्योंकि हमारी सरकार ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केवल लोगों की भलाई के लिए काम किए।
भाजपा सरकार दलगत राजनीति व परिवारवाद से पूरी तरह से दूर रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की ढाई करोड़ जनता ही उनका परिवार व कुटुंब है। सरकार ने बिना किसी भेदभाव के जनता का जीवन सुगम व बेहतरीन बनाने के लिए अनेक योजनाएं लागू करके उन्हें सुविधाएं प्रदान कीं।
अब जनता के प्यार व विश्वास के कारण ही वह 75 प्लस का मिशन लेकर चल रहे हैं। इस पर अब राजनीतिक पंडितों का कहना है कि 75 क्या भाजपा अब 90 की 90 सीटें ले ले तो भी कोई आश्चर्य नहीं।