04जेएनडी24-डॉ. रजनीश जैन। स्रोत स्वयं
जींद। आम आदमी पार्टी की महिला विंग की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रजनीश जैन ने भाजपा सरकार द्वारा बीपीएल कार्ड धारकों को मिलने वाले राशन में तेल की कीमत ढाई गुना बढ़ाने के फैसले पर आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह गरीबों की रसोई पर सीधा हमला है और यह दिखाता है कि मौजूदा सरकार आम आदमी की समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है।
डॉ. रजनीश जैन ने कहा कि पहले भाजपा सरकार ने बिजली की दामों में चार गुना बढ़ोतरी कर गरीब आदमी की कमर तोड़ने का काम किया और अब महंगाई की मार से पहले ही त्रस्त जनता के लिए बीपीएल कार्ड एकमात्र सहारा था।
इसके माध्यम से उन्हें थोड़ी राहत मिलती थी, परंतु अब सरकार ने उस पर भी हमला किया है। बिजली और खाद्य पदार्थों तेल जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीज की कीमतें बढ़ा देने से गरीब आदमी की थाली में अब सूखी रोटी भी मुश्किल होती जा रही है।
डॉ. रजनीश जैन ने कहा कि भाजपा सरकार अमीरों और उद्योगपतियों को लाखों-करोड़ों की छूट देती है, लेकिन गरीब जनता को मामूली राहत देना भी नहीं चाहती। अगर सरकार ने बड़ी हुई कीमत वापस नहीं ली तो आम आदमी पार्टी जिला स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक प्रदर्शन करेगी।