जींद। सूबे सिंह स्मारक में सीटू की आम बैठक जिला उपाध्यक्ष काॅमरेड रमेश चंद्र की अध्यक्षता में हुई। इसका संचालन संदीप जाजवान ने किया। सीटू जिला सचिव कपूर सिंह ने कहा कि हमारे देश के साथ-साथ पूरे विश्व में मजदूर वर्ग और आम जनता बहुत कठिन दौर से गुजर रहा है। इसके पीछे पूंजीपतियों की लूट जिम्मेदार है। भाजपा सरकार अपने कॉर्पोरेट समर्थन के एजेंडे को अंधाधुंध आगे बढ़ा रही है।
मजदूरों के अधिकारों को निचोड़ने के लिए भाजपा सरकार ने 2020 में चार लेबर कोड पेश किए और अब इन लेबर कोड्स को राज्य सरकारों को अपने-अपने राज्यों में लागू करवा रही है। केरल सरकार ने लेबर कोड्स को लागू करने से मना कर दिया।
इस हालात में राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर नौ जुलाई को देशव्यापी हड़ताल होने जा रही है। इस हड़ताल की मुख्य मांग इन लेबर कोड्स को रद्द कराना है। इसके अलावा पक्के रोजगार का प्रबंध न्यूनतम वेतन, समान काम समान वेतन व अधिकारों की रक्षा करना है।
इस अवसर पर राजबाला, रोशनी, अनीता, सुशीला, जोगिंद्र, रामेश्वर, बलदेव, रेखा, गुलाब बिरौली, मनफूल, संजय, रीना, संदीप, पवन, सुरेश करसोला, दीनदयाल, राजकुमार, बिट्टू, जगदीश, मनोज और रणबीर भी मौजूद रहे।