हिंदू कन्या महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तैनात प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड से बाइक सवार दो युवक पिस्तौल के दम पर बुधवार रात को रिवाल्वर छीन कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास नाकेबंदी कर युवकों की तलाश की गई। युवकों की पहचान के लिए पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कॉलेज के प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड गुलाब सिंह ने बताया कि वह हिंदू कन्या महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तैनात था। शाम करीब सात बजे बाल भवन की तरफ से बाइक पर 20-21 साल दो युवकों ने गार्ड से पूछा कि क्या बच्चे खेल कर जा चुके। गार्ड जवाब दे रहा था इतने में पीछे से गार्ड के हाथ पकड़ लिए तथा दूसरे ने पिस्तौल के दम पर गार्ड से रिवाल्वर छीन ली और कुंदन सिनेमा की तरफ फरार हो गए। तत्काल इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी गई। डीएसपी धर्मबीर खर्ब व शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और आसपास नाकेबंदी कर युवकों की तलाश की गई।