जींद। भिवानी रोड पर कर्मगढ़ गांव के बस अड्डे के पास बाइक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इसमें बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान बीबीपुर गांव निवासी 48 वर्षीय कुलदीप के तौर पर हुई है। पुलिस ने बुधवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
बीबीपुर निवासी अंकित उर्फ टिंकु पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता कुलदीप सिंह वीटा मिल्क प्लांट जींद में ईएएस के पद पर नौकरी करते थे। आठ अप्रैल सुबह बाइक पर ड्यूटी पर गए थे। शाम को उसके पिता बाइक पर ड्यूटी से वापस लौट रहे थे। जब वह कर्मगढ़ बस अड्डा पर पहुंचे तो आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे टै्रक्टर से उसके पिता की बाइक टकरा गइ। इसमें उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एचसी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।