जींद। अशरफगढ़ गांव के पास शुक्रवार की रात सड़क किनारे खड़े कैंटर से एक बाइक टकरा गई। इस दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरा घायल हो गया। दोनों बाइक से जुलाना जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में घायल दालमवाला गांव निवासी अनिल ने बताया कि वह अपने भाई नरेश (28) के साथ बाइक से शुक्रवार की देर रात जुलाना जा रहा था। जब वह अशरफगढ़ गांव के नजदीक पहुंचे तो वहां एक कैंटर सड़क किनारे पर बिना इंडिकेटर जलाये खड़ा था। रात के अंधेरे में कैंटर दिखाई नहीं देने के कारण उनकी बाइक उससे टकरा गई। इसमें वह दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके कुछ देर बाद ही उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वह घायल हो गया। घटना के कुछ देर बाद ही कैंटर चालक मौके से भाग गया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि मामले में अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। संवाद