15जेएनडी23-चुनाव में चुने गए पदाधिकारी पद की शपथ लेते हुए। स्रोत एसोसिएशन
जींद। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन खंड उचाना के चुनाव में बिजेंद्र बुडायन को प्रधान और शिव कुमारी को सचिव के पद पर चुना गया। इसके साथ ही सर्वसम्मति से हुए चुनाव मे सुधा देवी को उपप्रधान, सुनीता देवी को कैशियर, सुमित कुमार को सह सचिव की जिम्मेदारी दी गई।
बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के जिला सचिव गुरनाम सैनी की अध्यक्षता में नागरिक अस्पताल उचाना में कर्मचारी एकत्रित हुए और संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ सर्वसम्मति से एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई का गठन किया गया।
बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर जियो फेंसिंग लोकेशन आधारित उपस्थिति दर्ज करने के आदेश की निंदा करते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी के निजी मोबाईल पर जियो फेसिंग लोकेशन आधारित ऐप डाउनलोड करने से कर्मचारियों की निजता प्रभावित होने के साथ साथ साइबर क्राइम के खतरे भी बढ़ेंगे।
बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन के जिला सचिव गुरनाम सिंह, जिला सलाहकार और पूर्व जिला प्रधान शक्ति सिंह ने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी पहले ही अपने निजी मोबाइल से इंटरनेट का खर्चा करके टीकाकरण सहित तमाम स्वास्थ्य कार्यक्रमों का डाटा ऑनलाइन करने को बाध्य है।
सरकार और विभाग द्वारा बार-बार लिखने और अनुरोध करने के बावजूद इंटरनेट युक्त सिम और लैपटॉप उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। कर्मचारी नेताओं ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों को ऑनलाइन करने के लिए इंटरनेट युक्त मोबाइल सीम, लैपटॉप, टैब की सुविधा उपलब्ध करवाने, ब्लॉक 2020-2023 की एलटीसी से वंचित कर्मचारियों को एलटीसी का लाभ दिलवाने की भी मांग की। इस अवसर पर विक्रम श्योकंद, कांता, बिजेंद्र, विकास, सतनाम, संदीप भी मौजूद रहे।