हमला करने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के विरोध में रविवार को गांव सिवाहा तथा आसन के लोगों ने थाने के सामने जींद-पानीपत मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम लगा रहे लोगों से थाना प्रभारी बलवंत सिंह ने बातचीत की और मामले में निष्पक्षता से जांच करने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। लगभग आधा घंटे तक मार्ग जाम रहने के चलते मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार को रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर तेजधार हथियारों से हमला करने पर गांव सिवाहा निवासी दिनेश, रुबी, केसा, कपिल व दिनेश के भाई पर मामला दर्ज किया था। पुलिस द्वारा मामला दर्ज करने का पता चलते ही गांव सिवाह व आसन के लोग रविवार को पिल्लूखेड़ा थाना में पहुंचे।
जहां पर ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा गलत मामला दर्ज करने की बात कहकर मुकदमा रद करने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने उन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है जो उस समय मौके पर थे ही नहीं और झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके विरोध में ग्रामीण जींद-पानीपत मार्ग पर आ गए और मार्ग के बीच में ट्रैक्टर-ट्राली खड़ा कर जाम लगा दिया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से बातचीत की और दोनों पक्षों से इस मामले में बातचीत करके समाधान करवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण जाम खोलने के लिए तैयार हो गए।
ये है मामला
पिल्लूखेड़ा निवासी किताब सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि सात अगस्त को देर शाम वह बाइक पर सवार होकर अपने खेत में जा रहा था। इसी दौरान गांव सिवाहा के दिनेश, रूबी, केसा, कपिल व दिनेश के भाई ने उसका रास्ता रोककर उस पर तेजधार हथियारों व डंडों से हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बचाव में जब किसान किताब सिंह ने शोर मचाया तो शोर सुनकर आसपास के खेताें में काम कर रहे लोग वहंा पहुंचें लोगों को अपने नजदीक आता देखकर उक्त आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। पुलिस ने किताब सिंह की शिकायत पर उक्त आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया था।