उचाना। फरीदाबाद में आयोजित हुई 24वीं ऑल हरियाणा स्टेट किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में भौंगरा गांव के एक ही परिवार के तीन बच्चों ने पांच गोल्ड मेडल जीतकर क्षेत्र व अपने माता-पिता का नाम रोशन किया। उन्होंने इस कामयाबी के पीछे दादा ओमप्रकाश भौंगरा, पिता सुरेंद्र कौशिक और मां रितु कौशिक का अहम योगदान बताया है।
दो सगी बहनें रिद्धिमा और विधिका कौशिक ने किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में दो-दो गोल्ड मेडल जीते। वहीं उनके छोटे चार वर्षीय भाई निलांश देव भौंगरा ने गोल्ड मेडल जीतकर यह साबित कर दिया है कि बच्चे भी किसी से कम नहीं। तीनों को खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रिद्धिमा कौशिक को बेस्ट फाइटर अवॉर्ड से सम्मानित किया है। फरीदाबाद सेक्टर 12 खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में 20 से 22 जून तक हरियाणा स्टेट किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियाेगिता में रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, कैथल समेत ज्यादातर प्रदेश के जिलों के लगभग 400 खिलाड़ियोंने भाग लिया।
कोच संतोष थापा ने बताया कि विधिका कौशिक ने 10 से 12 आयु वर्ग के 37 किलो भार में किक लाइट बॉक्सिंग व लाइट कॉन्टेक्ट में गोल्ड मेडल जीता। रिद्धिमा कौशिक ने 13 से 15 आयु वर्ग के 55 किलोभार में किक लाइट व लाइट कॉन्टेक्ट में गोल्ड मेडल जीता।
सगी बहनों का 27 अगस्त से तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित नेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए चयन हो गया है। रिद्धिमा कौशिक वूशु सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर अपना रिकॉर्ड बना चुकी है। जबकि दोनों बहनें किक बॉक्सिंग में कई बार गोल्ड मेडल जीतकर अपने इलाके का नाम रोशन कर चुकी हैं।
दोनों बहनें जब किक बॉक्सिंग की प्रैक्टिस करती थी, तो उन्हें देख छोटा भाई निलांश देव भौंंगरा भी मुक्केबाजी करने लगा। परिणामस्वरूप आज महज चार वर्ष की आयु में जिले की प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद अब स्टेट प्रतियोगिता में चार से छह आयु वर्ग के 17 किलोग्राम भार में गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमा लिया।
24जेएनडी19-रिद्धिमा कौशिक को बेस्ट फाइटर अवॉर्ड से सम्मानित करते हुए खेल मंत्री गौरव गौत्तम। स्