दिवाली पर भड़ताना में सजी कबड्डी की चौपाल, बेटियों ने मैदान में दिखाया दमखम
जींद। दिवाली पर रविवार को गांव भड़ताना की व्यायामशाला में लड़कियों की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद मेजबान गांव भड़ताना की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बराह खुर्द की टीम दूसरे और कोहला की टीम तीसरे स्थान पर रही।
प्रतियोगिता की शुरुआत व्यायामशाला में हवन-यज्ञ के साथ हुई। आचार्य आत्म प्रकाश ने मंत्रोच्चारण के साथ हवन करवाया और खिलाड़ियों के अच्छे स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य तथा खेलों में सफलता की कामना की। इसके बाद मुख्य अतिथि राममेहर मलिक और मनोज ढांडा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथियों ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। कबड्डी जैसे खेलों में उनकी बढ़ती भागीदारी पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ग्रामीण स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। रेडर की फुर्ती और रक्षकों की मजबूत पकड़ ने दर्शकों को रोमांचित किया। समापन पर मुख्य अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अंकित नरवाल, अंग्रेज नरवाल और बंटी पहलवान मौजूद रहे।