06जेएनडी06: बैठक में मौजूद डिपोधारक। स्रोत प्रशासन
जींद। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक सौरव चोयल ने शुक्रवार को डिपो धारकों के साथ बैठक की। डिपोधारकों की समस्याओं और लाभार्थियों की समस्याओं को जानने व समाधान करने पर चर्चा की गई।
बैठक में डिपोधारकों ने राशन वितरण से संबंधित समस्याएं बताईं। बताया कि लाभार्थी किसी भी समय राशन लेने आ जाते हैं जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक सौरव चोयल ने बताया कि लाभार्थियों और डिपोधारकों को अवगत करवाया जाता है कि राज्य सरकार की ओर से डिपो खोलने और बंद करने का समय ग्रीष्मकाल व शीतकाल में अलग-अलग निर्धारित किया हुआ है।
एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 8 बजे से 12 बजे तक, शाम 5 बजे से 8 बजे तक और एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 9 बजे से 1 बजे तक व शाम 3 बजे से 6 बजे तक निर्धारित किया है। डिपोधारकों ने बताया कि लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड लेकर नहीं आते हैं। इस कारण मशीन से राशन निकालने में काफी परेशानी होती है।
इस संबंध में लाभार्थियों को अवगत करवाया गया कि वह डिपो से राशन प्राप्त करते समय अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड साथ लेकर जाएं ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न हो। यदि किसी भी लाभार्थी को राशन वितरण में कोई शिकायत समस्या है तो वह संबंंधित क्षेत्र के सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी निरीक्षक को बता सकते है।