जींद। शिवरात्रि को लेकर आमजन की सुविधाओं को देखते हुए डाक विभाग ने गंगाजल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। डाक विभाग की ओर से मात्र 30 रुपये में गंगाजल की बोतल उपलब्ध कराई जा रही है, जिसे सर्कुलर रोड स्थित मुख्य डाकघर से प्राप्त किया जा सकता है। शिवरात्रि पर शिवलिंग पर कांवड़ियों के लाए गए गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है, लेकिन बहुत से लोग कांवड़ लाने में असमर्थ रहते हैं। ऐसे में शिव भक्त डाकघर से पवित्र गंगाजल की बोतल खरीदकर शिवरात्रि पर गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकते हैं। 250 एमएल की बोतल गंगाजल की बोतल को लोग मात्र 30 रुपये में खरीद सकते हैं। जिले में करीब 250 बोतल गंगाजल पहुंचाया गया है।
डाक विभाग की 19 शाखाएं हैं, जिसमें से छह शाखाएं शहर में हैं। डाकघर की सभी शाखाओं में पर्याप्त संख्या में गंगाजल की बोतल उपलब्ध है। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है। महाशिवरात्रि हिंदुओं का एक प्रमुख धार्मिक त्योहार है। यह भगवान शिव को समर्पित है। इस दिन भगवान शिव की पूजा की जाती है। इस दिन भगवान शिव की मूर्ति या शिवलिंग को पंचामृत से स्नान कराया जाता है। बेलपत्र, धतूरा, जायफल, फल, मिष्ठान और मीठा पान चढ़ाया जाता है। शिवालय जाकर गंगाजल और दूध चढ़ाया जाता है। कई श्रद्धालु हरिद्वार से कांवड़ लाकर शिवालयों में गंगाजल से जलाभिषेक करते हैं। डाकघर के पोस्ट मास्टर संजीव कुमार ने बताया कि डाक विभाग की ओर से पवित्र गंगाजल लाकर लोगों तक पहुंचाने का कार्य पिछले कई सालों से किया जा रहा है। लोगों में गंगाजल की बोतल की काफी मांग है। इच्छुक व्यक्ति डाकघर से गंगाजल की पानी की बोतल प्राप्त कर सकता है।