जींद। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए जिलावासी स्वास्थ्य विभाग की जारी हिदायतों की पालना करते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें। प्रदेश सरकार ने डेंगू की रोकथाम के लिए जुलाई को डेंगू रोधी माह के रूप में मनाने की घोषणा की है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे डेंगू से बचाव के लिए सजग रहें और अपने घर व आसपास की सफाई सुनिश्चित करें। डीसी ने कहा कि आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि डेंगू एक वायरल बीमारी है जो एडीज मच्छर के काटने से फैलती है। यह मच्छर साफ व ठहरे हुए पानी में पनपता है और दिन में काटता है।
उन्होंने नागरिकों से रविवार को सूखा दिवस (ड्राई डे) मनाने का आह्वान किया है, ताकि पानी जमा न हो और मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके। जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि डेंगू के लक्षण नजर आते ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर तुरंत जांच और उपचार कराएं। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पानी ठहरेगा जहां, मच्छर पनपेगा वहां इसलिए जिम्मेदारी सभी को मिलकर निभानी होगी।