02जेएनडी20: बड़ौदी गांव में पौधरोपण करते हुए निस्वार्थ सेवा बड़ौदी समिति के सदस्य। स्रोत : समित
जींद। पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ौदी गांव के युवाओं ने अनोखी पहल शुरू की है। यहां युवा जन्मदिन, सालगिरह, महापुरुषों की जयंती और शादी जैसे खास अवसरों पर पौधरोपण कर समाज को हरियाली का संदेश दे रहे हैं। उनकी यह पहल अब गांव में प्रेरणा का स्रोत बनती जा रही है।
गांव के पवन फौजी, संजय फौजी, जसमेर फौजी, बलजीत फौजी, अनिल फौजी, नरेंद्र फौजी और जसबीर समेत अन्य युवाओं ने सार्वजनिक निस्वार्थ सेवा बड़ौदी नाम से एक समूह बना रखा है। इस समूह के माध्यम से वे लगातार पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं।
युवाओं ने बताया कि वर्ष 2020 से उन्होंने गांव में पौधरोपण अभियान शुरू किया था जो आज भी निरंतर जारी है। इन युवाओं की खास बात यह है कि वे केवल पौधे लगाकर ही नहीं छोड़ते बल्कि उनके पेड़ बनने तक पूरी देखभाल भी करते हैं। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाते हैं और समय-समय पर पानी व खाद की व्यवस्था भी की जाती है।
यही कारण है कि लगाए गए अधिकांश पौधे आज पेड़ का रूप ले रहे हैं। अब तक यह समूह गांव में 250 से अधिक पौधे लगा चुका है। युवाओं का कहना है कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पेड़ लगाना बेहद जरूरी है और हर व्यक्ति को इस दिशा में योगदान देना चाहिए।