जींद। अधिवक्ता प्रवीण बूरा से मारपीट के मामले में जिला बार एसोसिएशन ने बुधवार को वर्क सस्पेंड रखा। वीरवार को हाईकोर्ट से प्रशासनिक जज संजीव बैरी मामले की जांच के लिए हाट पहुंचेंगे।
जिला बार के पूर्व प्रधान विकास लोहान, सुनील वर्मा, राकेश मलिक और घनश्याम गोयल ने बताया कि 16 सितंबर की रात करीब साढ़े दस बजे अधिवक्ता प्रवीण बूरा के घर की बिजली खराब हो गई थी। वह बिजली की शिकायत दर्ज कराने के लिए हाट स्थित बिजलीघर पहुंचे थे।
आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों से शिकायत रजिस्टर मांगा तो लाइनमैन रवि और ऑपरेटर मनीष ने उन्हें कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट की। एक मामले में एसडीओ के खिलाफ आरटीआई और सीएम विंडो के माध्यम से शिकायत किए जाने को लेकर भी विवाद हुआ था।
मामले में पुलिस ने एसडीओ समेत चार बिजली कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। उनका कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ आगे कार्रवाई नहीं हुई है। इससे बार सदस्यों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहेगा। कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में बार की ओर से वर्क सस्पेंड आगे भी जारी रखा जाएगा।