उपभोक्ताओं को वितरित करने के लिए राशन डिपो में आया खराब गेहूं।
- फोटो : Jind
रजावाहा रोड पर राशन डिपो पर खराब गेहूं आने पर उपभोक्ताओं ने रोष प्रकट किया है। लोगों ने जिन बैग में खराब गेहूं हैं, उनको बदलने की मांग की। उपभोक्ताओं ने कहा कि जो गेहूं की सप्लाई इस बार हुई है, उसमें मिट्टी है। कई बैगों का गेहूं तो साफ भी नहीं किया गया है। जो गेहूं आया है वह इंसान क्या जानवर के खाने लायक नहीं है। लोगों ने कहा कि जिस गोदाम ने गेहूं सप्लाई किया है उसके यहां के गेहूं की जांच की जाय ताकि भविष्य में ऐसा गेहूं राशन डिपो में न आए।
उपभोक्ता बलजीत, राजेंद्र, महाबीर, सुभाष ने कहा कि राशन डिपो में जो गेहूं आया है वह पूरी तरह से खराब है। बैग में जो गेहूं है वह ऐसा लग रहा है जैसे उसमें दीमक लगे हों। बैगों में गेहूं कम मिट्टी ज्यादा नजर आती है। बैगों में मिट्टी के गांठ हैं। इस तरह के गेहूं का आटा खाने से कोई भी बीमार पड़ सकता है। खाद्य आपूर्ति विभाग की एएफएसओ बबीता ने बताया कि वो अवकाश पर है। खराब गेहूं की जानकारी उनके पास आई थी। खाद्य आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर को कह दिया गया है कि जिन गेहूं के बैगों में खराब गेहूं है उन बैगों को बदलवा दिया जाएगा।