फोटो 21जेएनडी13-फरैण कलां गांव में बदमाशों द्वारा तोडे गए कार के शीशे। स्रोत पीड़ित
- फोटो : सांकेतिक
नरवाना। फरैण कलां में शनिवार देर रात बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी कार के के शीशे तोड़ दिए। मकान में भी तोड़ फोड़ की। हालांकि पीड़ित ने दो दिन पहले ही घटना के अंदेशा के चलते पुलिस को शिकायत दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
फरैण कलां निवासी रमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रेलवे में नौकरी करते हैं और वर्तमान में उनकी ड्यूटी कालवन रेलवे स्टेशन पर है। उनकी कालवन निवासी अनुज से पिछले आठ वर्षों से पहचान है।
अनुज ने जान-पहचान का फायदा उठाकर अपनी बहन की शादी के लिए उनसे तीन लाख रुपये उधार लिए थे। करीब एक साल बाद अनुज ने अपनी कार बेच दी। इसके बाद उसने फिर से उनसे एक लाख रुपये उधार ले लिए।
रमेश ने बताया कि उनके पिता कृपाल कैंसर से पीड़ित हैं और उनके इलाज के लिए उसे पैसों की जरूरत है। चार–पांच दिन पहले जब अनुज से अपने पैसे वापस मांगे तो उसने कथित तौर पर जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद शनिवार रात करीब डेढ़ बजे अनुज अपने तीन–चार साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने पहले घर के बाहर खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए और फिर मकान के शीशों पर ईंटों से हमला किया। उन्होंने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी और दरवाजा खटखटाते रहे लेकिन डर के कारण परिवार ने दरवाजा नहीं खोला। यह पूरी घटना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
वर्जन
दो दिन पहले मिली शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को थाने में बुलाया था लेकिन वह नहीं आया। पुलिस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।
-कमल सिंह, प्रभारी, पुलिस थाना नरवाना
फोटो 21जेएनडी13-फरैण कलां गांव में बदमाशों द्वारा तोडे गए कार के शीशे। स्रोत पीड़ित- फोटो : सांकेतिक