सफीदों। गांव मुआना में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने सरपंच समेत आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। 23 जुलाई की देर रात हुई झड़प में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घायल सतपाल शर्मा ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के सरपंच श्यामलाल शर्मा के खिलाफ ग्रामीणों ने विकास कार्यों में गड़बड़ी को लेकर एक जुलाई को विजिलेंस में शिकायत दी थी। चार जुलाई को एंटी करप्शन ब्यूरो पंचकूला की टीम ने गांव पहुंचकर पंचायत के कार्यों की जांच की थी। सतपाल का आरोप है कि इसी जांच को लेकर सरपंच पक्ष उनसे रंजिश रखने लगे थे।
23 जुलाई की रात जब सतपाल अपने घर के पास से गुजर रहे थे तभी सरपंच पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मकान का गेट तोड़कर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। हमले में सतपाल, राजीव और नीलम घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष से राजू और अशोक भी घायल हो गए। सदर थाना के जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि सतपाल के बयान पर अशोक, राजू, सरपंच श्यामलाल शर्मा, महेंद्र, सोनू, विकास, राकेश और अंकित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।