जींद। शहर के सेक्टर-8 में रविवार को न्यायिक अधिकारी के आवास के बाहर अज्ञात हमलावरों ने मकान में तोड़फोड़ करते हुए खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और वहां से कार लेकर भाग गए। घटना करीब आधे घंटे तक चलने की बात सामने आई है। न्यायिक अधिकारी के आवास पर इस तरह की घटना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
करनाल, अर्बन एस्टेट, सेक्टर 8 के निवासी कुमार गौरव ने शिकायत में बताया कि उनके रिश्तेदार जींद में सेक्टर-8 स्थित मकान नंबर 519 में न्यायिक अधिकारी रहते हैं। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने आवास में घुसकर तोड़फोड़ की और खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। इसके बाद आरोपी वहां से एक कार लेकर फरार हो गए। घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
वर्जन
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
-आशीष कुमार, प्रभारी, सिविल लाइन पुलिस थाना जींद