संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। बाल भवन में चल रहे जिला स्तरीय बाल महोत्सव का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतिम दिन समूह नृत्य के द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ समूह की प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें जिलेभर के 84 स्कूलों के करीब 550 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और मंच पर उनकी प्रतिभा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
समापन दिवस पर हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव मीना कंबोज मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची। डीसी एवं जिला बाल कल्याण परिषद की प्रधान डॉ. वैशाली शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मीना कंबोज ने किया।
मीना कंबोज ने जिला बाल कल्याण अधिकारी मलकीयत चहल और उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करना आसान नहीं है। इसके लिए पूरी टीम की मेहनत और समर्पण प्रशंसनीय है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की भी सराहना की और शिक्षकों व अभिभावकों से बच्चों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी मलकीयत चहल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए भेजा जाएगा।
वहीं, विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले विजेताओं को डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. जितेंद्र शर्मा, हिमानी गुप्ता, जयवीर ढांडा और डॉ. सुमिता आशरी ने निभाई। कार्यक्रम में राज्य बाल कल्याण परिषद के आजीवन सदस्य प्रदीप शर्मा, नीरज कुमार, कुलदीप जैन, राकेश राणा, कशिश सिंगला, विनोद कुमार और आशीष मौजूद रहे।
फोटो 30जेएनडी19-जिला स्तरीय बाल महोत्सव के समापन पर पहुंची मीना कंबोज का स्वागत करती लड़कियां। - फोटो : Archive
फोटो 30जेएनडी19-जिला स्तरीय बाल महोत्सव के समापन पर पहुंची मीना कंबोज का स्वागत करती लड़कियां। - फोटो : Archive