उचाना। गांव सुदकैन खुर्द की चौपाल में उचाना संघर्ष समिति की ओर से निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। इसमें नरवाना के आस्था अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने ग्रामीणों की आंखों की जांच की। शिविर में 125 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच करवाई। इनमें से 50 मरीजों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि जरूरतमंदों को दवाइयां भी मुफ्त दी गईं।
विज्ञापन
शिविर के दौरान 25 मरीजों को आंखों के ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। समिति की ओर से इन सभी मरीजों का ऑपरेशन भी निशुल्क करवाया जाएगा। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आंखों की जांच करवाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
उचाना संघर्ष समिति के संस्थापक अनुराग खटकड़ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग आंखों की जांच के लिए जींद, नरवाना या अन्य शहरों में जाने में असमर्थ रहते हैं। ऐसे लोगों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में डॉ. प्रदीप, डॉ. विनोद, टेकचंद, ज्ञानी और लालू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।