जींद। रामराये गांव में ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत में जा रहे व्यक्ति का रास्ता रोककर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने के आरोपी रामराये निवासी प्रवीन को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में रामराये निवासी सुरेंद्र ने बताया था कि उसके गांव के ही आशीष के साथ भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। वह वीरवार सुबह अपने ट्रैक्टर पर सवार होकर खेत में किसी काम से जा रहा था। जब वह गांव में बस अड्डे के पास दवाइयों की दुकान से आगे पहुंचा तो ट्रैक्टर के सामने आशीष अपने 2 अन्य साथियों के साथ आ गया और ट्रैक्टर को रुकवा लिया। इस दौरान आशीष के हाथ में पिस्तौल था। जिससे उसने उस पर तीन फायर किए। वह ट्रैक्टर से कूदकर भाग गया। सदर थाना पुलिस ने रास्ता रोककर जान से मारने की नियत से गोलियां चलाने के आरोप में आशीष को नामजद कर दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में रामराये गांव निवासी प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।