जींद। नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और मूलभूत ढांचे को मजबूत करने को लेकर शुक्रवार को एसकेएस की अहम बैठक हुई। इस दौरान अस्पताल की सुविधाओं में सुधार, खराब उपकरणों की मरम्मत और मरीजों-तीमारदारों की सुविधा बढ़ाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अधिकारियों ने सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि स्वास्थ्य सेवाएं अधिक प्रभावी और सुगम बन सकें।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने मरीजों और तीमारदारों के लिए उपलब्ध सात वाटर कूलरों की व्यवस्था को और बेहतर बनाने और आवश्यकता पड़ने पर एक अतिरिक्त वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए पीने के पानी की पर्याप्त उपलब्धता को जरूरी बताया गया।
कैजुअल्टी वार्ड में खराब पड़े प्रिंटर और लैंडलाइन फोन को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए ताकि आपातकालीन सेवाओं में किसी तरह की बाधा न आए। इसके अलावा लिफ्ट की सुरक्षा को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। लिफ्ट का बीमा कराने के साथ-साथ उसकी नियमित सुरक्षा जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की सुविधा बढ़ाने के लिए 15 स्टूल और 15 बेडसाइड लॉकर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही पुराने और जर्जर हो चुके बेडों की रेक्सीन बदलने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आरओ सिस्टम की मरम्मत, लैब में आरओ प्लांट सुधार और मोर्चरी चैंबर की मरम्मत पर भी सहमति बनी। इसके अलावा ड्रग स्टोर, रजिस्ट्रेशन रूम, आईसीटीसी लैब, डिस्पेंसरी और डीसीसीसी में नए एयर कंडीशनर लगाने पर भी निर्णय लिया गया ताकि भीषण गर्मी में मरीजों और कर्मचारियों को राहत मिल सके।
वर्जन
अस्पताल में एसकेएस की बैठक में गर्मी को देखते हुए जरूरी सामान खरीदने के निर्देश दिए हैं। यह सभी कार्य आगामी दो दिन में पूरे करवा दिए जाएंगे ताकि मरीजों व अस्पताल स्टॉफ को किसी प्रकार की परेशानी न हो। अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।