22जेएनडी29-पुलिस गिरफ्त में अपहरण करने का प्रयास करने का आरोपी। स्रोत: पुलिस
जुलाना। पुलिस ने फिरौती मांगकर अपहरण करने के प्रयास मामले के आरोपी विक्की (सेना के हवलदार) को गिरफ्तार किया है। हालांकि अभी अपहरण करने की कोशिश के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इसके लिए पुलिस पूछताछ कर रही है।
जुलाना निवासी आढ़ती सुशील ने एफआईआर में बताया कि 17 मार्च सुबह सैर के लिए वह रेलवे स्टेशन रोड पर जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार में सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उससे पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की। आरोपियों ने जबरदस्ती उसे कार में बैठाकर अपहरण करने का प्रयास किया लेकिन शोर मचाने पर सभी फरार हो गए।
जाते समय आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने गांव मालवी निवासी आरोपी विक्की को 21 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश में सेना में हवलदार के पद पर तैनात है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है और मामले में आगे की जांच जारी है। अपहरण का प्रयास क्यों किया। यह पूछताछ के बाद ही पता चल पाएगा।
- विक्रम जोशन, थाना प्रभारी जुलाना।